
UP news
नोएडा से पंकज सिंह ने तोड़ा सबसे अधिक वोटों से जीतने का रिकार्ड
नोएडा । विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक पंकज सिंह ने इस विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक वोटों से जीतने के अपने रिकार्ड को तोड़ने के साथ ही देश में विधानसभा चुनाव से जुड़ा सबसे बड़ा रिकार्ड भी तोड़ दिया है। पंकज सिंह ने करीब एक लाख 80 हजार वोट के अंतर से इस बार जीत दर्ज की है, जो उनकी पिछली जीत से भी काफी बड़ी जीत है। यह देश के किसी भी विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। पंकज सिंह पिछली बार उत्तर प्रदेश में तीसरे सबसे ज्यादा वोटों से जीतने वाले विधायक थे। इस बार उन्होंने खुद के रिकार्ड को तोड़ने के साथ उत्तर प्रदेश के साथ पूरे देश के रिकार्ड को तोड़ दिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। पंकज सिंह ने राजनीति के लिए नोएडा विधानसभा सीट को अपना कार्यक्षेत्र चुना था। पहली बार भाजपा से उन्हें ने 2017 में नोएडा से टिकट मिला था। उस समय पंकज सिंह ने एक लाख 4016 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार ने बारामती विधानसभा सीट से एक लाख 65 हजार 265 वोटों के अंतर से जीत हासिल करके रिकार्ड कायम किया था। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजीत पवार को एक लाख 95 हजार 641 वोट मिले थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के गोपीचंद पडलकर को सिर्फ 30 हजार 376 वोट मिले थे।