
UP news
यूपी : कानपुर में होलिका दहन होते ही केसरिया हुआ आसमां, वहीं रंगोत्सव से सराबोर हुआ पूरा शहर।
कानपुर। सनातन संस्कृति के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर होलिका दहन फाल्गुनी नक्षत्र और शुभ योग में किया गया। शहर में तीन हजार से ज्यादा स्थानों पर 12:57 बजे भद्रा समाप्त होने के बाद होलिका दहन किया गया। फाग के गीत और अबीर-गुलाल ने वातावरण को रंगों से सराबोर कर दिया।
वहीं विधिवत पूजन अर्चन और परिक्रमा कर शहरवासियों ने एक-दूसरों को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। फाग गीत की मस्ती में सराबोर हुरियारों ने खूब धमाल किया। वातावरण में हर ओर होली का रंग उड़ता नजर आया। दादामियां चौराहे पर हिन्दू-मुस्लिम ने सौहार्द तो जाजमऊ केडीए चौराहे पर्यावरण संरक्षण की थीम पर होलिका दहन किया गया।
वहीं आर्यनगर एसोसिएशन की ओर से बृजेंद्र स्वरूप पार्क चौराहा आर्यनगर में भव्य होलिका दहन किया गया। आज ब्रज में होरी से रसिया..., होली खेले रघुबीरा अवध में... और मथुरा की कुंज गालिन में होरी खेल रहे नंदलाल... गीतों पर डांस करते हुए रंगोत्सव का आगाज किया गया। होलिका दहन होते ही फूलों की होली के मनोहारी दृश्य ने हर किसी को सराबोर कर दिया।
वहीं इसी प्रकार माल रोड, मेस्टन रोड, विजय नगर, लाल बंगला, ग्रीनपार्क चौराहे, रावतपुर, कल्याणपुर, पी रोड, ग्वालटोली, जरौली, गुजैनी, मेहरबान सिंह का पुरवा सहित लगभग तीन हजार स्थानों पर होली का उत्साह देखने को मिला। शहर में कई स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण की थीम पर होलिका दहन का आयोजन हुआ।
वहीं दूसरी तरफ विजय नगर, आर्यनगर, जाजमऊ, नेहरू नगर आदि स्थानों पर गो काष्ठ और उपलों की होली जलाई गई। शहरवासियों ने बड़ी संख्या में होलिका दहन में हवन सामग्री के साथ घी, लौंग, कपूर अर्पित कर पर्यावरण शुद्धि में योगदान दिया। होलिका दहन में कई स्थानों पर जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे..., आएंगे फिर मोदी जी और भगवा रंग चढ़ जाएगा सोच नजारा क्या होगा गीतों की मांग सबसे ज्यादा रही। इन गीतों पर मंत्रमुग्ध होकर युवाओं ने जमकर केसरिया गुलाल उड़ाया तो आसमां भी केसरिया हो गया।