Headlines
Loading...
यूपी : लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा सपा मुखिया अखिलेश यादव आज लेंगे विधानसभा सदस्य पद की शपथ।

यूपी : लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा सपा मुखिया अखिलेश यादव आज लेंगे विधानसभा सदस्य पद की शपथ।


लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के पहली बार सदस्य बने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को विधायक पद की शपथ लेंगे। प्रोटेम स्पीकर रमापति शास्त्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के साथ अन्य विधान सभा सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

वहीं प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जीत दर्ज करने वाले विधायकों का 28 तथा 29 मार्च को शपथ ग्रहण होगा। प्रोटेम स्पीकर रमापति शास्त्री के साथ ही वरिष्ठ विधायक सुरेश कुमार खन्ना, जय प्रताप सिंह, माता प्रसाद पाण्डेय तथा रामपाल वर्मा इनको विधान भवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। 

वहीं सोमवार को सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शपथ लेंगे। इसके बाद नेता विरोधी दल अखिलेश यादव तथा उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक शपथ लेंगे। रामपुर के स्वार टांडा से विधायक निर्वाचित आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां भी आज शपथ ले सकते हैं।

वहीं अठारहवीं विधान सभा के निर्वाचित सदस्यों का शपथग्रहण समारोह सोमवार से शुरू होगा। सभी सदस्यों को सोमवार और मंगलवार को विधान सभा मंडप में सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई जाएगी। परंपरा के अनुसार सोमवार को विधान सभा मंडप में सबसे पहले नेता सदन के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शपथ दिलाई जाएगी। 

वहीं इसके बाद नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अखिलेश यादव शपथ लेंगे। फिर शपथ लेने से छूटे नामित सदस्य फतेह बहादुर सिंह शपथ लेंगे। तत्पश्चात मंत्रिपरिषद के वह सदस्य शपथग्रहण करेंगे जो विधान सभा के सदस्य चुने गए हैं। इसके बाद सदन की महिला सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। फिर निर्वाचन क्षेत्रवार सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।

वहीं विधान परिषद सचिवालय ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथग्रहण समारोह और उसमें शामिल होने की सूचना उनके निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित जिलाधिकारियों के माध्यम से भेज दी है। गौरतलब है कि अठारहवीं विधान सभा में सत्ताधारी भाजपा के 255, सपा के 111, अपना दल (एस) के 12, राष्ट्रीय लोक दल के आठ, निषाद पार्टी व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के छह-छह, कांग्रेस के दो, बसपा के एक, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

वहीं अठारहवीं विधान सभा के 126 सदस्य पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। यह सदस्य पहली बार विधान सभा की सदस्यता की शपथ लेंगे। वहीं सत्रहवीं विधान सभा के 213 सदस्य चुनाव जीतकर अठारहवीं विधान सभा का भी हिस्सा बनने में कामयाब हुए हैं। इनके अलावा नई विधान सभा में चुनकर 64 विधायक ऐसे हैं जो सोलहवीं या इससे पूर्व की विधान सभाओं के सदस्य रह चुके हैं।