
UP news
यूपी : वाराणसी में भाजपा की जीत पर बुलडोजर के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न।
वाराणसी। विधानसभा चुनाव-2022 में भाजपा की शानदार जीत पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी भी उत्साहित है। जैसे-जैसे दिन ढल रहा है। वैसे-वैसे काशीवासियों का जोश व उमंग बढ़ता जा रहा है। वाराणसी में ही नहीं पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता बुलडोजर पर चढ़कर जश्न मना रहे हैं।
वहीं, कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे विधायक अवधेश सिंह जेसीबी पर चढ़े और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। इसके बाद उन्होंने हर-हर महादेव का नारा लगाया। साथ ही पिंडरा विधानसभा के जनता को धन्यवाद। कहा कि साथियों पिंडरा में आपने कमल खिलाया है। हमने पिछले कार्यकाल में विकास की झलकियां दिखाई थीं। अब हम विकास की गाथा लिखेंगे।
वहीं चुनाव के दौरान कुछ विरोधियों ने हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अपशब्द भाषा का प्रयोग किया था। आज इस जीत के बाद उनको जवाब मिल गया है। कार्यकर्ताओं को होली का संदेश देते हुए कहा कि जो लोग विरोधियों के साथ थे उनको भी हसाईयेगा। उनको भी तिलक लगाना। उनसे कहना आओ अब मिलकर पिंडरा के विकास की गाथा लिखें।
वहीं नगर के प्रमुख चौराहों, गली-मोहल्लों में डीजे पर युवक झूम रहे हैं। भाजपा की जीत के खुशी में पटाखे छोड़ने का क्रम अभी से शुरू हो गया है। कुल मिलाकर बाबा की काशी में जश्न का माहौल है। लोग आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। मिठाइयां बांटी जा रही हैं। भाजपा कार्यालयों में मानो गुरुवार को ही होली है।
वहीं सूबे में भाजपा की वापसी का कार्यकर्ताओं को पूरा भरोसा था। तमाम कार्यकर्ताओं ने डीजे की बुकिंग पहले ही करा रखी थी। बस इंतजार था चुनाव परिणाम का। दोपहर तक स्थिति साफ होते ही तमाम युवक झूमते-नाचते सड़कों पर उतर आए।
वहीं नदेसर, तेलियाबाग, विद्यापीठ रोड पर डीजे की धुन पर युवक डांस करते देखे गए। ढोल-नगाढ़े के थाप युवक जमकर झूमते नजर थे। उधर गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। इसमें बड़ी संख्या महिलाएं भी शामिल हैं।