
UP news
यूपी : कानपुर में सात सीटें भाजपा गठबंधन की झोली में, वहीं सपा का तीन पर हुआ कब्जा।
कानपुर। पिछले पांच वर्षों में सेवा और सुरक्षा के वादों पर खरा उतरकर भारतीय जनता पार्टी ने लोगों के दिलों में इस कदर पैठ बनाई कि इस बार भी विधानसभा चुनाव में शहर की जनता ने फिर भगवा परचम लहरा दिया। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिले की 10 में से जो सात सीटें मिली थीं।
वहीं उन्हीं सीटों पर इस बार भी भाजपा ने अपना दल के साथ मिलकर जीत हासिल कर अपना गढ़ बचाया। कांग्रेस और बसपा को केवल निराशा हाथ लगी। कांग्रेस ने पिछले वर्ष जहां कैंट सीट पर जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार यह सीट भी हाथ से निकल गई और सपा के कब्जे में आ गई। सपा ने 2017 के चुनाव में जीती दोनों सीटों पर फिर से कब्जा तो किया लेकिन कैंट से उन्होंने बढ़त बनाई।
वहीं गुरुवार को सूरज के साथ मतगणना से जुड़ा चुनावी पारा भी तेजी से चढ़ता गया। महाराजपुर, गोविंद नगर सीटों पर तो शुरू से ही भाजपा हावी रही वहीं घाटमपुर में भाजपा गठबंधन से जुड़ी अपना दल की प्रत्याशी एक बार जो आगे बढ़ीं तो फिर पीछे नहीं हटीं। महाराजपुर से चुनाव मैदान में उतरे प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने सपा के फतेह बहादुर गिल को करारी शिकस्त देकर लगातार आठवीं विजय हासिल की।
वहीं गोविंद नगर में सुरेंद्र मैथानी को भी पहले चक्र से कोई पकड़ नहीं सका। उन्होंने सपा के विकास यादव को हराया। बिठूर में भाजपा के अभिजीत सिंह सांगा ने सपा के मुनींद्र शुक्ला को परास्त किया। कल्याणपुर, कैंट, बिल्हौर, सीसामऊ, आर्यनगर सीटों पर भाजपा और सपा में सीधी टक्कर रही तो किदवईनगर में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर दिखी। इन सीटों पर वीएम जैसे-जैसे खुलती गईंं, कार्यकर्ताओं की धड़कनें बढ़ती गईं।
वहीं दूसरी तरफ़ घाटमपुर में अपना दल की प्रत्याशी सरोज कुरील ने शुरू से ही बढ़त बनाई और भाजपा छोड़ सपा में गए भगवती प्रसाद सागर को पराजित कर दिया। कल्याणपुर में प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार और सपा के सतीश निगम के बीच आधे चक्रों तक रोमांचक मुकाबला रहा लेकिन उसके बाद नीलिमा कटियार ने बढ़त बनानी शुरू की और लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली।
वहीं बिल्हौर में भी भाजपा और सपा में शुरुआत में कांटे की टक्कर दिखी, लेकिन जैसे-जैसे ईवीएम खुलती गईं, भाजपा के राहुल बच्चा ने बढ़त बनानी शुरू की और आखिर में सपा प्रत्याशी रचना सिंह को हरा दिया। भगवती सागर के भाजपा छोड़ने की वजह से पार्टी ने राहुल को इस सीट पर प्रत्याशी बनाया था।
वहीं किदवई नगर में भी भाजपा प्रत्याशी महेश त्रिवेदी और कांग्रेस प्रत्याशी अजय के बीच रोमांचक मुकाबला दिखा लेकिन अंतिम के चरणों में लगातार बढ़त बनाने के बाद महेश त्रिवेदी लगातार दूसरी बार अजय कपूर को हराने में सफल रहे।
वहीं दूसरी ओर कैंट में सपा प्रत्याशी मोहम्मद हसन रूमी और भाजपा प्रत्याशी रघुनंदन भदौरिया ने कई बार एकदूसरे को आगे पीछे किया लेकिन अंत में सपा प्रत्याशी ने सफलता पाई। इसी तरह की लड़ाई आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में सपा के अमिताभ बाजपेई और भाजपा के सुरेश अवस्थी के बीच हुई।
वहीं सुरेश अवस्थी शुरुआती चरणों में लीड बनाए रहे लेकिन वह आखिर में पराजित हो गए। सीसामऊ सीट पर शुरुआती चक्रों में तो सपा के हाजी इरफान सोलंकी और सलिल विश्नोई के बीच संघर्ष होता नजर आया लेकिन कुछ चरण निकलने के बाद सपा प्रत्याशी इरफान ने बढ़त बनानी शुरू की और सीट उन्होंने जीत ली।