Headlines
Loading...
यूपी : कानपुर में ट्रांसपोर्ट नगर व किदवई नगर में पड़ी मिली गंदगी।

यूपी : कानपुर में ट्रांसपोर्ट नगर व किदवई नगर में पड़ी मिली गंदगी।


कानपुर। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को खुद ही सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन जब शुक्रवार सुबह शहर में सफाई का निरीक्षण करने निकले तो उन्हें ट्रांसपोर्ट नगर और किदवई नगर में गंदगी मिली। उन्होंने दोनों ही जगह के अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

वहीं नगर आयुक्त वार्ड 31 ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो जगह-जगह कूड़ा बिखरा हुआ था। कोई सफाईकर्मी भी कार्य करते नहीं मिला। नगर आयुक्त ने सफाई नायक प्रवीण कुमार को तुरंत प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर नजर न रखने में च्वच्छता निरीक्षक बृजेश कुमार को स्पष्टीकरण देने के लिए कहा। वह बगल में वार्ड 100 किदवई नगर पहुंचे तो वहां झाड़ू तक नहीं लगी थी। 

वहीं नालियां भी भरी हुई थीं। उन्हें बताया गया कि वार्ड बड़ा होने से यहां दो सफाई पर्यवेक्षक हैं। नगर आयुक्त ने सफाई पर्यवेक्षक सोनू और विनोद को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। कार्य में ठीक तरह से निगरानी न करने पर च्वच्छता निरीक्षक नितेश कुमार को स्पष्टीकरण देने के लिए कहा।

वहीं वार्ड 100 में क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि घरों से कूड़ा लेने के लिए गाड़ी तो आती हैं, लेकिन इनका कोई समय तय नहीं है। नगर आयुक्त ने सुबह छह बजे गाड़ियों को रवाना करने के निर्देश दिए। नगर निगम ने पांच साल में सबसे ज्यादा राजस्व वसूली की। वित्तीय वर्ष 2021-22 में लक्ष्य 2 अरब 30 करोड़ रुपये रखा गया था इसके सापेक्ष 2 अरब 19 करोड़ 78 लाख 50 हजार रुपये वसूली हुई है। वहीं जलकल ने बीते वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के सापेक्ष 86.65 प्रतिशत वसूली की है।

वहीं नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने बताया कि सरकारी बकाएदारों के बाबत शासन को पत्र लिखा है और निजी बकाएदारों को नोटिस व कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। जलकल में बीते वित्तीय वर्ष में लक्ष्य 1 अरब 37 करोड़ 50 लाख रुपये रखा गया था, जिसके सापेक्ष 1 अरब 18 करोड़ 97 लाख 30 हजार वसूली हुई है।