UP news
छठ के दिन ही छिन गए मां के लाल: आजमगढ़ में डूबने से किशोर समेत दो की मौत, तीन की बाल-बाल बची जान

एजेंसी डेस्क : यूपी के आजमगढ़ में लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर सोमवार सुबह दो घरों के चिराग बुझ गए। छठ त्योहार की खुशियां मना रहे परिजनों का अब रो-रोकर बुरा हाल है। अलग- अलग हादसे में डूबने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई।वही तीन अन्य को बचा लिया गया।
पहली घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र की है। तमौली गांव निवासी राहुल (20) पुत्र हेमंत यादव की मां छठ का व्रत रखी थी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पूरा परिवार गांव स्थित तालाब पर गया था। सुबह लगभग पांच बजे राहुल तालाब में नहाने के लिए उतरा। अचानक वह गहरे पानी में समा गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की लेकिन असफल रहे।

परिजनों के चीख पुकार से पूरा माहौल गमगीन,,,
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया। सुबह आठ बजे के लगभग राहुल का शव पोखरे से बरामद किया। घाट पर मौजूद परिजनों के चीख पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। उसकी मां बेसुध हो गई। राहुल के एक भाई और एक बहन बताए गए हैं।
छोटी सरयू नदी में डूबा किशोर,,,
दूसरी घटना अतरौलिया थाना क्षेत्र में छोटी सरयू नदी के किनारे हुई। भरसानी गांव के लोग छठ पूजा मनाने के लिए छोटी सरयू नदी तट पर गए हुए थे। इसी दौरान चार किशोर सुबह पांच बजे के लगभग नदी में नहाने उतर गए। चारों किशोरों में शामिल सत्यम यादव (16) नदी में डूबने लगा। साथ नहा रहे अनिकेत, अभिषेक व एक अन्य किशोर भी उसे बचाने की कोशिश में डूबने सगे।
शोर सुन कर घाट पर मौजूद कुछ युवक नदी में कूदे लेकिन तब तक सत्यम गहरे पानी में समा चुका था। बाकी तीन किशोरों को ग्रामीणों ने बचा लिया। लगभग दो घंटे बाद सत्यम का शव नदी से निकाला गया। सत्यम की चाची छठ व्रती थी। पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। उनके करुण क्रंदन देख हर आंख नम हो गई।