Headlines
Loading...
वाराणसी में शहर के दस सरोवर- कुंडों में दुर्गा प्रतिमाओं का हो रहा आज विसर्जन

वाराणसी में शहर के दस सरोवर- कुंडों में दुर्गा प्रतिमाओं का हो रहा आज विसर्जन




एजेंसी डेस्क
वाराणसी। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में इस वर्ष भी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन गंगा में नहीं किया जाएगा। इसके स्थान पर कुंडों-तालाबों व अस्थायी सरोवरों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।इसके नगर में दस कुंड चिह्नित किए गए हैं। 

विश्व सुंदरी पुल के समीप अस्थायी सरोवरों का इस वर्ष भी निर्माण किया गया है। खिड़किया घाट विस्तारीकरण व सुंदरीकरण के कारण इस बार वहां अस्थायी सरोवर नहीं बनाया गया है।

इनकी सफाई व प्रकाश व्यवस्था के लिए नगर निगम के कर्मचारी मंगलवार को पूरे दिन भर लगे रहे। तालाब-कुंडों के रास्तों में चूना आदि का भी छिड़काव किया गया। 

नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया कि जैतपुरा, चेतगंज की प्रतिमाएं ईश्वरगंगी पोखरा में और 

कैंट, लालपुर, पांडेयपुर व सारनाथ क्षेत्र की प्रतिमाओं का विसर्जन पहडिय़ा पोखरा में किया जाएगा। 

विश्व सुंदरी पुल के समीप अस्थायी सरोवर के अलावा चिह्नित कुंडों, तालाबों की साफ-सफाई, रोशनी समेत अन्य व्यवस्थाएं पूरी करा ली गईं हैं। 

विसर्जन के बाद सफाई के लिए भी टीम गठित की गई है। प्रयास है कि निस्तारण भी तत्परता से होता रहे ताकि आसपास के लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। 

पुलिस ने बढ़ाई चौकसी, संख्या पर रहेगी नजर

भदोही अग्निकांड के बाद पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। इसे लेकर विसर्जन के दौरान भी चौकसी रहेगी। आयोजकों की ओर से दी गई संख्या अनुसार ही लोगों को जुलूस में जाने की अनुमति दी जाएगी। मद्यपान आदि किए कोई मिला तो आयोजक भी कार्रवाई के दायरे में होंगे। 

काशी जोन के पुलिस उपायुक्त आरएस गौतम व वरुणा जोन की पुलिस उपायुक्त आरती सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने का भी निर्देश दिया है।

विसर्जन के लिए चिह्नित सरोवर-कुंड

आदमपुर जोन- बकरिया कुंड व मछोदरी पार्क स्थित तालाब।

कोतवाली जोन : कंपनी बाग स्थित सरोवर (मंदागिनी कुंड) व ईश्वरगंगी पोखरा।

वरूणापार जोन : पहडिय़ा पोखरा व गणेशपुर पोखरा।

-दशाश्वमेध जोन : लक्ष्मीकुंड

-भेलूपुर जोन : शंकुलधारा पोखरा, बीएचयू परिसर व विश्व सुंदरी पुल के पास अस्थायी सरोवर।