Headlines
Loading...
वाराणसी में अब व्यापारी संभालेंगे यातायात की व्यवस्था, शहर के 20 प्रमुख स्थान व चौराहे होंगे जाम से मुक्त,,,।

वाराणसी में अब व्यापारी संभालेंगे यातायात की व्यवस्था, शहर के 20 प्रमुख स्थान व चौराहे होंगे जाम से मुक्त,,,।

अब वाराणसी शहर के 20 प्रमुख स्थानों और चौराहों को जाम मुक्त कराया जाएगा। इसमें यातायात पुलिस की सहायता शहर के कुछ व्यापारी करेंगे। यातायात मित्र बनकर व्यापारी जाम छुड़ाने से लेकर उचित सलाह, सुझाव भी यातायात पुलिस को देंगे। यातायात माह के तहत व्यापारियों और यातायात पुलिस के बीच इस व्यवस्था पर सहमति बनी है। जल्द ही चौराहों का भौतिक सत्यापन करते हुए रूट डायवर्जन समेत अन्य कई विकल्पों पर मंथन किया जाएगा। अब तक सामाजिक संगठनों और अन्य 53 लोगों को यातायात मित्र बनाया जा चुका है। अन्य लोगों को भी जोड़ा जा रहा है।

सहालग और विशेष दिनों पर लगता है जाम

यूं तो जाम शहर में आए दिन लगता है। जबकि सहालग में लॉन के बाहर गाड़ियों के खड़े होने और सड़क पर बारात निकालने के चलते भी घंटों तक लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। जबकि कोई विशेष तिथि या पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ से शहर पूरा चोक होता है। ऐसी स्थिति में व्यापारिक संगठनों के व्यापारी जाम छुड़ाने में काफी मददगार साबित होंगे।

ये हैं चिह्नित स्थान और प्रमुख चौराहे

यातायात पुलिस के अनुसार, चिह्नित स्थानों में कैंट, इंग्लिशिया लाइन, मलदहिया, लहुराबीर, सिगरा, महमूरगंज, भेलूपुर, मंडुवाडीह, गिरजाघर, पांडेयपुर, अर्दली बाजार, कचहरी, लंका, सामनेघाट, चेतगंज, मैदागिन, विशेश्वरगंज, पहड़िया, आशापुर, वरुणा पुल है।

शहर में जाम के चलते व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी होती है। जाम से प्रतिष्ठान तक ग्राहक नहीं पहुंच पाते हैं, जबकि जाम के चलते व्यापारियों का माल भी फंसता है। इससे निजात के लिए यातायात पुलिस की पहल का स्वागत है। व्यापारी वर्ग यातायात पुलिस की सहायता करने के लिए तैयार है। 
-सोमनाथ विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष, महानगर उद्योग व्यापार समिति

व्यापारियों के संग लगातार संवाद करते हुए उन्हें उस क्षेत्र के अति व्यस्ततम मार्ग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जाम छुड़ाने संबंधित अन्य मुद्दों पर व्यापारियों के सुझाव और उनके सलाह पर यातायात पुलिस अमल करेगी। 
-राजेश कुमार पांडेय, एडीसीपी यातायात।

एक नजर

-शहर के चौराहों पर तैनात रहते हैं 374 यातायात जवान।

-यातायात माह के तहत बनाए गए 53 नए यातायात मित्र।

-यातायात सिस्टम को संभालते हैं 186 हेड कांस्टेबल व 188 कांस्टेबल।