Headlines
Loading...
World Cup 2023 : श्रीलंका के खिलाफ भारत    ने जीता वनडे क्रिकेट की चौथी सबसे बड़ी 302 रन से जीत, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत,,,।

World Cup 2023 : श्रीलंका के खिलाफ भारत ने जीता वनडे क्रिकेट की चौथी सबसे बड़ी 302 रन से जीत, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत,,,।

भारत ने श्रीलंका को आईसीसी विश्व कप के 33वें मुकाबले में 302 रनों से करारी शिकस्त दी है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 357 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने घुटने टेक दिए। 

श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 55 रन ही बना सकी। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, इनमें से श्रीलंका के पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। श्रीलंका का यह स्कोर उसका संयुक्त रूप से तीसरा न्यूनतम और विश्व कप का चौथा न्यूनतम स्कोर है।

विश्व कप 2023 में भारत की ये लगातार सातवीं जीत है और इस जीत के साथ भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। रनों के लिहाज से वनडे क्रिकेट में ये चौथी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने जनवरी 2023 में श्रीलंका को 317 रनों से हराया था, जोकि वनडे क्रिकेट के इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। वहीं यह रनों के लिहाज से विश्व कप की दूसरी सबसे बड़ी और भारत की विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। 

358 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसे रही। सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। बुमराह ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। दूसरे ओवर में मोहम्मद सिराज ने धमाकेदार अंदाज में गेंदबाजी की और पहली ही गेंद पर दिमुथ करुणारत्ने को एलबीडब्ल्यू किया। दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर सदीरा समराविक्रमा कैच आउट हुए। सदीरा भी रन नहीं बना सके।

चौथे ओवर में सिराज ने पहली ही गेंद पर कुसल मेंडिस को क्लीन बोल्ड किया। कप्तान मेंडिस एक रन ही बना सके। इसके मोहम्मद शमी ने कहर बरपाया और लगातार पांच विकेट चटकाए। रविंद्र जडेजा ने मदुंशका को आउट करके श्रीलंका की पारी का अंत किया। मोहम्मद शमी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। शमी ने 18 रन देकर पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट चटकाया।

रोहित सस्ते में हुए आउट

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने मैच की दूसरी ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा (04) का विकेट गंवा दिया। रोहित ने मदुशंका की पहली गेंद पर चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। श्रीलंका के गेंदबाजों को इसके बाद अगली सफलता के लिए 29 ओवर से अधिक का इंतजार करना पड़ा। कोहली और गिल ने सतर्क शुरुआत के बाद मैदान के चारों तरफ रन जुटाए।

कोहली ने मदुशंका पर चौके से खाता खोला जबकि गिल ने भी इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके मारे। कोहली 10 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब छठे ओवर में दुष्मंता चमीरा (71 रन पर एक विकेट) ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। भारतीय बल्लेबाज ने इसी ओवर में दो चौके मारे।

कोहली और गिल के बीच शतकीय साझेदारी

भारत ने पहले पावर प्ले के 10 ओवर में एक विकेट पर 60 रन बनाए। कोहली ने दुशान हेमंता की गेंद पर दो रन के साथ 50 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि गिल ने भी इस लेग स्पिनर पर चौके के साथ 55 गेंद में 50 रन के आंकड़े को पार किया। गिल ने चमीरा पर पारी का पहला छक्का जड़ने के बाद हेमंता की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

गिल मदुशंका पर चौके के साथ 90 रन तक पहुंचे लेकिन इसी ओवर में थर्ड मैन पर शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर कुसाल मेंडिस को कैच दे बैठे। मदुशंका ने अपने अगले ओवर में धीमी गेंद पर कोहली को भी शॉर्ट कवर पर पाथुम निसांका के हाथों कैच कराके भारत को दोहरा झटका दिया। कोहली हालांकि अपनी इस पारी के दौरान एक कैलेंडर वर्ष में रिकॉर्ड आठवीं बार एक हजार रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा जिन्होंने सात बार यह कारनामा किया था।

अय्यर शुरुआत से ही काफी अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कासुन रजिता पर दो जबकि हेमंता पर एक छक्का जड़कर अपने तेवर दिखाए। रजिता पर उनका दूसरा छक्का 106 मीटर के साथ मौजूदा विश्व कप का सबसे लंबा छक्का रहा।

लोकेश राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर चमीरा की गेंद पर हेमंता को कैच दे बैठे जबकि मदुशंका ने सूर्यकुमार यादव (12) को विकेटकीपर मेंडिस के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया।

अय्यर ने महीश तीक्षणा पर चौके के साथ सिर्फ 36 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत के 300 रन 45वें ओवर में पूरे हुए। अय्यर ने 48वें ओवर में मदुशंका पर लगातार दो छक्के मारे लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर तीक्षणा को कैच दे बैठे। जडेजा ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले चमीरा पर छक्का जड़ा।