Headlines
Loading...
अब अयोध्या की गलियों में गोलियों की गड़गड़ाहट नहीं होगी, राम नाम का संकीर्तन गुंजायमान होगा... सीएम योगी आदित्यनाथ,,,।

अब अयोध्या की गलियों में गोलियों की गड़गड़ाहट नहीं होगी, राम नाम का संकीर्तन गुंजायमान होगा... सीएम योगी आदित्यनाथ,,,।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब अयोध्या की गलियों में गोलियों की गड़गड़ाहट नहीं सुनाई देगी, बल्कि यहां पर राम नाम का संकीर्तन गुंजायमान होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में परिक्रमा में कोई बाधा नहीं बन पाएगा। अयोध्या की गलियों में अब गोलियों की गड़गड़ाहट नहीं होगी, कर्फ्यू नहीं लगेगा। यहां दीपोत्सव, रामोत्सव होगा, यहां की गलियां राम नाम के संकीर्तन से गुंजायमान होंगी। अवधपुरी में राम लला का विराजना राम राज्य की स्थापना की घोषणा भी है। राम राज्य बैठे त्रिलोका, हर्षित भए, गए सब शोका। राम राज्य भेदभाव रहित समृद्ध समाज का द्योतक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में पहला ऐसा अनूठा प्रकरण रहा होगा, जिसमें किसी राष्ट्र के बहुसंख्यक समाज ने अपने ही देश में अपने आराध्य की जन्मस्थली पर मंदिर निर्माण के लिए इतने वर्षों तक और इतने स्तरों पर लड़ाई लड़ी हो। अपने खोए हुए गौरव की पुनर्प्राप्ति कर अयोध्या नगरी विभूषित हो रही है। न्याय और सत्य के संयुक्त विजय का यह उल्लास अतीत की कटु स्मृतियों को विस्मृत कर नए कथानक रच रहा है। यह पावन बेला समाज में समरसता की सुधा सरिता प्रवाहित कर रही है।

संन्यासियों, संतों, पुजारियों, नागाओं, निहंगों, बुद्धिजीवियों, राजनेताओं, वनवासियों सहित समाज के हर वर्ग ने जाति-पाति, विचार-दर्शन, पंथ-उपासना पद्धति से ऊपर उठकर रामकाज के लिए स्वयं का उत्सर्ग किया। संतों ने आशीर्वाद दिया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व विश्व हिंदू परिषद जैसे सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों ने रूपरेखा तय की, जनता को एकजुट किया। अंततः संकल्प सिद्ध हुआ, व्रत पूर्ण हुआ। सीएम योगी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजित प्रभु श्रीराम का बालरूप विग्रह हर सनातन आस्थावान के जीवन में धर्म के अनुपालन के लिए मार्ग प्रशस्त करता रहेगा।