Headlines
Loading...
सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा होंगे बिहार के डिप्टी CM, भाजपा ने फिर से चौंकाया, नीतीश ने दिया इस्तीफा,,,।

सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा होंगे बिहार के डिप्टी CM, भाजपा ने फिर से चौंकाया, नीतीश ने दिया इस्तीफा,,,।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को रविवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन से आज शाम तक राज्य में नई सरकार के गठन की संभावना है। 

जदयू और बीजेपी के गठबंधन वाली इस सरकार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे। सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल के नेता ही चुना गया है। साथ ही विजय कुमार सिन्हा उपनेता होंगे।

भाजपा विधायक दल का नेता बनाए जाने पर सम्राट चौधरी ने कहा, 'यह मेरे लिए भावुक क्षण है कि आज सरकार में काम करने के लिए विधानमंडल के नेता के तौर पर मेरा चयन किया गया। मैं पार्टी नेतृत्व और सभी विधायकों का धन्यवाद देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी मैं धन्यवाद देता हूं।' 

उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और लालू प्रसाद यादव के आतंक को खत्म करने के लिए जो जनमत हमें 2020 में मिला था, उसको फिर से एनडीए के तौर पर स्थापित किया गया है। बिहार में एक बार फिर से जंगल राज न आ जाए, इसके लिए जब नीतीश कुमार का बीजेपी के पास प्रस्ताव आया तो हमने उनके समर्थन का फैसला किया। 

अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल ने नीतीश कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और नई सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा। नीतीश जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र यादव के साथ राजभवन गए थे। उन्होंने अपने आधिकारिक आवास पर पार्टी विधायकों की एक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद इस्तीफा दिया है। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि अभी तक सरकार बनाने का कोई दावा पेश नहीं किया गया है। दावा पेश होने के बाद शपथ ग्रहण का समय तय किया जाएगा।

नीतीश कुमार करीब 2 साल पहले भाजपा से नाता तोड़कर महागठबंधन में शामिल हो गए थे। उसके बाद उन्होंने अगले लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हराने का संकल्प लिया था। कुमार 18 महीने से भी कम समय में दूसरी बार पाला बदल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जदयू में विभाजन की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए भाजपा से नाता तोड़कर राजद-कांग्रेस गठबंधन के साथ हाथ मिला लिया था। वह 2017 में भी भाजपा से रिश्ता तोड़कर राजद-कांग्रेस गठबंधन शामिल हो गए थे।

सम्राट चौधरी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हैं। इससे पहले नई सरकार के गठन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा था, 'हम कुछ नहीं कह सकते... क्योंकि किसी ने अभी इस्तीफा नहीं दिया है।' इस बीच, जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कांग्रेस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बार-बार अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें विपक्ष से काफी सशक्त भाजपा को वास्तविक चुनौती मिलने की कोई संभावना नहीं दिखती। 

त्यागी ने कहा, 'विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस टूटने के कगार पर है। पंजाब, पश्चिम बंगाल और बिहार में इसमें शामिल दलों का गठबंधन लगभग खत्म हो चुका है।' त्यागी ने कहा कि जिस लक्ष्य और इरादे के साथ जदयू अध्यक्ष नीतीश गैर कांग्रेसी दलों को कांग्रेस के साथ लाने में सफल हुए, वे विफल हो गए हैं और कहा कि उनके नेता को गलत समझा गया।