दिल्ली में भाजपा ने चार सांसदों का काटा टिकट, सिर्फ मनोज तिवारी हुए रिपीट, किसे कहां से मिला मौका,,,।
BJP candidate list Delhi: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने कुल 195 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।पहली लिस्ट में राजधानी दिल्ली में भाजपा ने सात में 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है। हैरानी की बात यह है कि इन पांच प्रत्याशियों में से चार नए चेहरे हैं। सिर्फ मनोज तिवारी को रिपीट किया गया है।
भाजपा ने दिल्ली की पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें से चार सीटों पर पुराने सांसदों के टिकट काट कर नए प्रत्याशियों को दिया गया है। पश्चिमी दिल्ली में प्रवेश वर्मा का टिकट काट कर कमलजीत सहरावत को दिया गया है जो दिल्ली प्रदेश भाजपा में महामंत्री हैं और नजफगढ़ क्षेत्र से आती है।
इसी तरह से चांदनी चौक से डॉक्टर हर्षवर्धन का टिकट काटकर व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं, केंद्र सरकार में मंत्री मीनाक्षी लेखी का नई दिल्ली से टिकट काटकर पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को दिया गया। बांसुरी अभी दिल्ली भाजपा में मंत्री है।
उधर,दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी का टिकट काटकर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। जबकि उत्तरी पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी पर पार्टी का भरोसा कायम है। उन्हें फिर से पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।
दो सीट पर सस्पेंस बरकरार
भाजपा ने पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है। पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने आज राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान भी किया है। उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से राजनीतिक दायित्वों से मुक्त करने की सिफारिश की है। वहीं उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से हंस राज हंस सांसद हैं। इन दोनों सीटों को लेकर सस्पेंस बरकरार है।
पहली लिस्ट की खास बातें
भाजपा ने पहली लिस्ट में कुल 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। वाराणसी से पीएम मोदी चुनाव लड़ेंगे। इस लिस्ट में कुल 28 महिला उम्मीदवारों का नाम शामिल है। वहीं 50 साल से कम उम्र के 47 प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। भाजपा ने पहली लिस्ट में 57 ओबीसी, 27 एससी और 18 एसटी उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
गौरतलब है कि 29 फरवरी को भाजपा मुख्यालय में उम्मीदवारों के नाम को लेकर मैराथन बैठक हुई थी। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की यह मीटिंग रात 8 बजे से अगली सुबह 4 बजे तक चली थी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, समेत कई नेता शामिल हुए थे।