बिना भाषण दिए लौट राहुल-अखिलेश तो सीएम योगी ने ली चुटकी, और कहा...यह पब्लिक सब जानती है कि...
बादशाहपुर, ब्यूरो। प्रयागराज के फूलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भारी भीड़ के बेकाबू होने के कारण जनसभा को संबोधित नहीं कर सके। दोनों भाषण दिए बिना लौट गए। दोनों के बिना भाषण लौटने पर सीएम योगी ने चुटकी ली है। सीएम योगी भी रविवार को फूलपुर में ही थे। उन्होंने कहा कि कुछ देर पहले दोनों लड़के भी फूलपुर आए थे। पब्लिक ही नहीं थी इसलिए बैरंग लौट गए। लोग उन्हें सुनना ही नहीं चाहते थे। सीएम योगी ने कहा कि जनता उन्हें जान गई है। इसलिए जनता को जनार्दन बोला गया है। दो लड़कों की जोड़ी यहां से बैरंग लौटी है। यह जोड़ी यहां जोर आजमाइश करने आई थी, लेकिन फूलपुर की जनता ने उन्हें आसमान दिखा दिया है।
फूलपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी प्रवीण पटेल के समर्थन में बहरिया के सिकंदरा रउजा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) का गठबंधन होता है, जब भी दो लड़कों की जोड़ी मिलती है तो कोई न कोई अनर्थ करने के लिए मिलती है।''
उन्होंने कहा कि जब सपा प्रदेश में और कांग्रेस केंद्र की सत्ता में थी तब अयोध्या में राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला हुआ। काशी में संकट मोचन मंदिर पर आतंकी हमला हुआ। अखिलेश एक ओर राम भक्तों पर गोली चलाने का समर्थन करते हैं, दूसरी ओर आतंकियों पर दायर मुकदमों को भी वापस लेते हैं।'' योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''इस पूरे प्रयागराज क्षेत्र में जिन लोगों ने वसूली के केंद्र खोले थे, गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे थे, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए जो खतरा बने हुए थे, वे अब मिट्टी में मिल गए हैं।''
उन्होंने कहा, ''इससे प्रदेश ही नहीं पूरा देश खुश है लेकिन सपा के यहां मातम है। उनको न आपकी और न प्रदेश की चिंता नहीं थी। उनको अपनी राजनीति की चिंता थी। सपा और कांग्रेस के लोग देश की कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''पहले गरीबों की कल्याणकारी योजनाएं ये माफिया डकार जाते थे और गरीब को राशन नहीं मिलता था। गरीब का मकान सपा के गुंडे हड़प लेते थे।''
मुख्यमंत्री ने केंद्र की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, 50 करोड़ लोगों के जनधन खाते और 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 12 करोड़ गरीबों के घरों में शौचालय पहुंच गया है और चार करोड़ गरीबों के मकान बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने भी कहा है कि 70 वर्ष से ऊपर का जो भी बुजुर्ग होगा, उसे हर वर्ष पांच लाख रुपये तक का उपचार निःशुल्क कराने के लिए कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कांग्रेस और सपा का गठबंधन खतरनाक मंसूबे के साथ आया है। इनका घोषणापत्र कहता है कि इनके भीतर औरंगजेब की आत्मा आ चुकी है। वरासत टैक्स की घोषणा करके कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वह हिंदुओं को तबाह करना चाहती हैं। भाजपा इनकी कारिस्तानी पूरा नहीं होने देगी।''