Headlines
Loading...
एक्जिट पोल 2024 :: अरविंद केजरीवाल को जेल आम आदमी पार्टी हुई फेल..गठबंधन के चक्कर में तीनों राज्यों से झाडू हुई साफ...

एक्जिट पोल 2024 :: अरविंद केजरीवाल को जेल आम आदमी पार्टी हुई फेल..गठबंधन के चक्कर में तीनों राज्यों से झाडू हुई साफ...

नईदिल्ली, ब्यूरो। लोकसभा चुनाव 2024 एक्जिट पोल में जहां एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनती दिखाई दे रही है, वहीं कांग्रेस की लुटिया डूबने के साथ ही आम आदमी पार्टी भी मोदी मैजिक की आंधी में उड़ती दिखाई दे रही है। दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर जेल के साथ ही आम आदमी पार्टी भी फेल हो गई है। एक्जिट पोल के नतीजों में सिर्फ दिल्‍ली ही नहीं बल्कि हरियाणा और पंजाब में भी आम आदमी पार्टी के अरमानों पर झाडू फिर गई है। जबकि तिहाड़ जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने तीनों ही राज्‍यों में चुनाव प्रचार भी किया था।

न्‍यूज 18 मेगा एक्जिट पोल रिजल्‍ट 2024 में दिल्‍ली की 7 सीटों में से 5-7 सीट पर बीजेपी गठबंधन की जीत का अनुमान है। वहीं इंडिया गठबंधन को 0-2 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। इसमें भी दोनों सीटों पर कांग्रेस के उम्‍मीदवार की जीत की संभावना है, जबकि आम आदमी पार्टी को जीरो सीट दिखाई गई हैं।

इसके अलावा हरियाणा की 10 सीटों में से 5 से 7 सीटें बीजेपी के खाते में जबकि 3 से 5 सीटें कांग्रेस को मिल सकती हैं। एक्जिट पोल में यहां आम आदमी पार्टी का खाता भी खुलता नहीं दिखाई दे रहा है।

वहीं पंजाब में 13 सीटों में से 2 से 4 सीटें एनडीए के खाते में जा सकती हैं। जबकि यहां 8 से 10 सीटों पर कांग्रेस की जीत का अनुमान लगाया गया है। यहां आम आदमी पार्टी को 0 से 1 सीट मिलने की संभावना है।

इंडिया टुडे के सर्वे में भी AAP साफ

इंडिया टुडे-माय एक्सिस इंडिया के सर्वे में भी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की लुटिया डूबती दिखाई दे रही है। पंजाब के एक्जिट पोल नतीजों में कुल 13 सीटों में से एनडीए को 2-4 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं, जबकि कांग्रेस को 7-9 सीटें मिलने का अनुमान है। राज्‍य में सरकार के बावजूद आम आदमी पार्टी को यहां 0-2 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। जबकि शिरोमणि अकाली दल को 2 से 3 सीटों का अनुमान है।

वहीं हरियाणा की बात करें तो 10 सीटों में से भाजपा गठबंधन के खाते में 6 से 8 सीटों का अनुमान है। जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के इंडिया गठबंधन को 2-4 सीटें मिलती दिखाई दी हैं।

दिल्‍ली में आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। यहां की 7 सीटों में से 6 से 7 सीटें एनडीए के खाते में आती दिखी हैं, जबकि एक सीट इंडिया गठबंधन को जा सकती है।