Headlines
Loading...
राष्ट्रपति मुर्मू पीएम मोदी और सभी राज्यों के सीएम व मंत्रियों सहित सेवा के जवानों ने किया योगाभ्यास, देखें तस्वीरों में...

राष्ट्रपति मुर्मू पीएम मोदी और सभी राज्यों के सीएम व मंत्रियों सहित सेवा के जवानों ने किया योगाभ्यास, देखें तस्वीरों में...

International Yoga Day 2024 Photos: भारत से अमेरिका तक 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह देखा जा रहा है। हरिद्वार में योग गुरु रामदेव के नेतृत्व में योगाभ्यास हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में योग करेंगे।

राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने मीडिया को बताया कि राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में शुक्रवार सुबह बनासकांठा जिले के नादाबेट में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास होगा। इसके अलावा शहरों और कस्बों में कुल 312 स्थानों पर योग दिवस मनाया जाएगा। गुजरात में मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि सभी स्तरों पर सभी सरकारी कार्यालयों में योग दिवस मनाया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (एएएम) में सामूहिक योग प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) मनाने का आग्रह किया है।

अमेरिका के ऐतिहासिक टाइम्स स्क्वायर पर कई देशों के लोगों का योगाभ्यास
 
अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भी योग का उत्साह दिखा। न्यूयॉर्क में कॉन्सुल जनरल ऑफ इंडिया बिनय प्रधान ने बताया कि योग दिवस के मौके पर हम टाइम्स स्क्वायर पर जमा हुए हैं। यहां कई देशों के योग प्रतिभागी हैं और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कार्यक्रम पूरे दिन चलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यहां, लगभग 8,000 से 10,000 प्रतिभागियों के योगाभ्यास करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, 'मुझे वाकई खुशी है कि इस साल योग दिवस की थीम 'स्वयं और समाज के लिए योग' है। मुझे यकीन है कि यह आज यहां और अमेरिका के अन्य विभिन्न हिस्सों में भाग लेने वाले सभी लोगों को प्रेरित करेगा।'

केंद्रीय मंत्रियों ने 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी दिल्ली में योग किया
 
योग दिवस 2024 के मौके पर केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और प्रल्हाद जोशी ने 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में योग किया।

सिटी ऑफ जॉय- कोलकाता में जांबाज सैनिकों का योगाभ्यास; नॉर्दन फ्रंटियर पर भारतीय सेना के जवानों ने किया योग
 

कोलकाता में सीमा सुरक्षाबल (BSF) के जवानों ने भी 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योगाभ्यास किया।

नॉर्दन फ्रंटियर पर भारतीय सेना के जवानों का योगाभ्यास

भावी सेना प्रमुख ने करिअप्पा परेड ग्राउंड में किया योगाभ्यास
 
देश के भावी सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी और अन्य सैनिकों-पदाधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी के करिअप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित योगाभ्यास सत्र में शिरकत की।

योग दिवस पर प्रधानमंत्री ने श्रीनगर से दिया संदेश
 
श्रीनगर में योग दिवस 2024 के दिन अचानक हुई बारिश के कारण अंतिम समय में कार्यक्रम की जगह बदलनी पड़ी। पीएम मोदी और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समेत स्थानीय पदाधिकारी तय समय से थोड़ी देर से इनडोर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इससे पहले यह आयोजन शेर-ए कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में किया जाना था। कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने दुनियाभर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 2014 में संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रस्ताव को 177 देशों से समर्थन मिला था, जो अपने आप में रिकॉर्ड है। हर साल 21 जून को योग दिवस के मौके पर अलग-अलग रिकॉर्ड लगातार बनते जा रहे हैं।

आईटीबीपी के जवानों का योगाभ्यास

10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आईटीबीपी के जवानों ने सिक्किम के मुगुथांग सब सेक्टर में 15,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर योगाभ्यास किया।

त्सुकिजी होंगवानजी मंदिर में कार्यक्रम
जापान में भारतीय दूतावास की ओर से त्सुकिजी होंगवानजी मंदिर में आयोजित 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में जापानी नेतृत्व, राजनयिकों, योग प्रेमियों और जापान में भारत के मित्रों की भारी भागीदारी देखी गई। जापान में भारतीय दूतावास की ओर से सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की गई।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज कश्मीर की धरती से मैं दुनिया भर के सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देता हूं। दस साल पहले मैंने संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। भारत के प्रस्ताव को 177 देशों ने समर्थन दिया था, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। 2015 में दिल्ली के कर्तव्यपथ पर 35,000 लोगों ने एक साथ योग किया…"
 
सेना के अधिकारियों ने योग किया
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के अधिकारियों ने योग किया।


ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में योग सत्र का नेतृत्व किया

10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 17वीं लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने आज संसद भवन परिसर में योग सत्र का नेतृत्व किया।

नौसेना कर्मियों ने INS तेग पर योगाभ्यास किया

10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2024 के अवसर पर नौसेना कर्मियों ने INS तेग पर योगाभ्यास किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने भी किया योग

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि योग, मानवता को भारत का अनूठा उपहार है साथ ही आज के वक्त में जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं में वृद्धि के कारण यह और भी महत्वपूर्ण हो गया है। मुर्मू ने राष्ट्रपति सचिवालय के अन्य अधिकारियों के साथ यहां राष्ट्रपति भवन में योग किया।

दुनिया शक्तिशाली माध्यम के रूप में देखती है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि दुनिया आज योग को वैश्विक भलाई के एक शक्तिशाली माध्यम के रूप में देखती है क्योंकि यह लोगों को अतीत का बोझ उठाए बिना वर्तमान में जीने में मदद करता है। प्रधानमंत्री ने 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यहां शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में आयोजित मुख्य समारोह में यह बात कही।