Headlines
Loading...
मछली और मुर्गे ने शादी में कराया बवाल, दूल्हे ने दुल्हन पर निकाली भड़ास..और सबके सामने कर दी दुल्हन की पिटाई...

मछली और मुर्गे ने शादी में कराया बवाल, दूल्हे ने दुल्हन पर निकाली भड़ास..और सबके सामने कर दी दुल्हन की पिटाई...

इन दिनों शादी-बारात के सीजन चल रहे हैं। शादियों में कहीं न कहीं बवाल भी देखने को मिल रहा है। कहीं खाने को लेकर लड़ाई हो रही है तो कहीं मछली और मुर्गे को लेकर। ताजा मामला देवरिया और सीतापुर जिले से सामने आया है, जहां खाने को लेकर झगड़ा हो गया। 

देवरिया जिले में बीती रात बारातियों को मछली नहीं खिलाए जाने की बात पर दूल्हे ने दुल्हन को पीट दिया। बारातियों और घरातियों में भी जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों से दर्जन भर लोग घायल हो गए। शादी के बिना ही बारात लौट गई। वहीं दूसरी और सीतापुर में खाने के दौरान कुर्सी हटाने को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई।

पहला मामला देवरिया जिले का है। आनंद नगर गांव में बीती रात बिहार के गोपालगंज जिला स्थित भोरे थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव से बारात आई थी। द्वारपूजा के बाद बाराती भोजन कर रहे थे। किसी ने दूल्हे को बताया कि बारातियों को खाने के लिए मछली-मुर्गा नहीं बना है। यह बात दूल्हे को इतनी नागवार लगी कि वह सीधे दुल्हन के पास पहुंच गया और उसे पीटना शुरू कर दिया। दुल्हन के परिवारीजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो दूल्हे और बाराती उनसे भी उलझ गए। बात इस कदर बढ़ गई कि बाराती और घराती एक-दूसरे पर टूट पड़े। 

इस संघर्ष में दूल्हे के पिता समेत दोनों पक्षों से दर्जन भर लोग घायल हो गए। बारात बिना शादी के ही लौट गई। दुल्हन पक्ष ने पुलिस को तहरीर दे दी है। थानेदार राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। 

सीतापुर में खाना परोसने के विवाद में बगैर शादी, बारात लौटी वापस

अकबरपुर थाना कोतवाली तालगांव क्षेत्र का है। गांव के वैधनाथ पुरवा मजरा भेलवा निवासी प्रमोद कुमार ने अपनी पुत्री रेशमा देवी(20) की शादी इसी थाना क्षेत्र के भनवापुर मजरा जमौरा निवासी राम सागर के लड़के फिरोज कुमार(22) के साथ तय की थी। गुरुवार को बारात आई थी। स्वागत सत्कार के बाद बारिश की वजह से खाने में देर हो गयी। 

रात करीब 12.30 बजे बारातियों को कुर्सी मेजपर खाना परोसा जा रहा था। खाना परोसने में लड़की का भाई भी था। जगह कम होने के कारण दुल्हन के भाई सुनील ने निकलने के लिए बारातियों से रास्ते से खिसकने के लिए कहा और रास्ते को लेकर कुछ कुर्सियां हटाने लगा। इसी बात को लेकर दूल्हे के बड़े भाई मनोज आग बबूला हो गए और हल्ला हंगामा होने लगा।

इसी बात को लेकर उन्होंने दूल्हे का हाथ पकड़ा और उसे ले जाने लगे। जबरदस्ती दूल्हे को लेकर चले गए। लड़की के पिता प्रमोद कुमार लड़के पक्ष को समझाते रहे और विनती करते रहे लेकिन दूल्हे के परिवार वाले नहीं माने। दूल्हा लेकर चले तो बाराती भी पीछे चल दिए। 

परेशान पिता ने शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार की। कोतवाली प्रभारी दीपक राय द्वारा दोनों पक्षों का सुलह समझौता करा दिया गया। दूसरे दिन मंडप में रस्में अदा की गई।