यूपी रोडवेज बस की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत एक घायल, आज-सहारनपुर मार्ग पर मंडौली लक्कड़ मंडी के नजदीक हुआ हादसा...
ब्यूरो, यमुनानगर। शहर के सहारनपुर मार्ग पर मंडौली लक्कड़ मंडी के नजदीक सोमवार की सुबह एक यूपी रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को उनकी परिजन को सौंप दिए हैं। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी केवल सिंह ने मीडिया को बताया कि यूपी जिला सहारनपुर के गांव दूमझेड़ा निवासी पावेज (21) और शारूख (20) दोनों सगे भाई यमुनानगर में लक्कड़ मंडी में मजदूरी करते थे। वह सोमवार सुबह करीब आठ बजे अपनी बाइक से रोज की तरह यमुनानगर में अपने काम पर जा रहे थे। इस दौरान मंडौली लक्कड़ मंडी के नजदीक यूपी रोडवेज की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पावेज व शारुख गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान उन्हीं के गांव के दो अन्य युवक भी दूसरी बाइक से उनके साथ ही यमुनानगर में अपने काम पर जा रहे थे। वह भी दोनों बस की चपेट में आ गए। जिनमें एक युवक सागीर (20) गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका साथी बाल-बाल बच गया। लोगों की मदद से तीनों पावेज, शारुख व सागीर को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। जहां पर दोनों सगे भाइयों पावेज व शारुख की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल सागीर का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद आरोपित बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।