Headlines
Loading...
बुलडोजर पर चढ़ गई औरत, कहा- धिक्कार है ऐसी वर्दी पर.. अफसर ने जोड़े हाथ...

बुलडोजर पर चढ़ गई औरत, कहा- धिक्कार है ऐसी वर्दी पर.. अफसर ने जोड़े हाथ...

मथुरा, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश सरकार अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती से पेश आ रही है। यही वजह है कि आए दिन अलग-अलग जिलों में बुलडोजर गरज रहे हैं। हालांकि कई जगहों पर प्रशासन को विरोधों का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। 

वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा नगर निगम और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त कार्यवाही में समीपवर्ती गांव अक्रूर में अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। इस दौरान निर्माणधीन मकान पर बुलडोजर चलने से आक्रोशित महिला ने जेसीबी पर चढ़कर जमकर हंगामा काटा।

महिला का आरोप है कि बिना नोटिस दिए तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है। यहां बताते चलें कि यमुना की खादर में निर्माण को लेकर यदाकदा जिला प्रशासन द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। रविवार को अक्रूर खादर में हो रही प्लाटिंग और निर्माण को लेकर मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने नगर निगम और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त आपरेशन चलाया, जिसमें कई अर्ध-निर्माण ढहा दिए गए।

इसी बीच एक निर्माणधीन मकान को ध्वस्त करने पर प्लाट मालकिन रेनू सिंह ने अच्छा खासा हंगामा खड़ा कर दिया। तोड़फोड़ होने से क्षुब्ध महिला जेसीबी पर चढ़ गई और जमकर अधिकारियों पर अपना गुस्सा निकाला। महिला का आरोप है कि जब वह अपने दो बच्चों के साथ खाना खाने गई थी। तभी पीछे से उसके मकान पर महाबली चला दिया गया। जबकि उसे न तो कोई नोटिस मिला है और ना ही मौजूद अधिकारियों ने उसकी कोई बात सुनी है। उन्होंने आला अफसरों से न्याय की गुहार लगाई है।