Headlines
Loading...
प्रदेश के सभी नगर निगम द्वारा रात में कॉलोनी की सड़कों पर कार-बाइक लगाने वालों से पार्किंग वसूलने की तैयारी, मंथली पास भी बनेगा...

प्रदेश के सभी नगर निगम द्वारा रात में कॉलोनी की सड़कों पर कार-बाइक लगाने वालों से पार्किंग वसूलने की तैयारी, मंथली पास भी बनेगा...

लखनऊ, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के नगर निगम वाले इलाकों में मोहल्ला, कॉलोनी और बाजार की सार्वजनिक सड़कों पर रात में कार और बाइक पार्क करने वालों से अब नाइट पार्किंग शुल्क वसूलने की तैयारी चल रही है। इसमें डेली चार्ज के साथ ही मंथली पास बनाने का भी विकल्प होगा। बिना पास पार्किंग के केस में तीन गुना जुर्माना भी वसूला जाएगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर विकास विभाग को शहरों में सुनियोजित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नीति बनाने का निर्देश दिया था। इसके लिए विभाग ने उत्तर प्रदेश नगर निगम अनंतिम नियमावली 2024 तैयार किया है और इस पर आम लोगों से आपत्तियां मांगी गई है। 

विभाग ने प्रस्तावित किया है कि नगर निगम क्षेत्रों में जितने भी सार्वजनिक सड़क और स्थान हैं, वहां कार या बाइक पार्क करने के लिए चार्ज लिया जाए। इससे नगर निगम में पार्किंग के ठेके बढ़ेंगे और राजस्व भी। पार्किंग को एक घंटा, दो घंटा, रात भर और 24 घंटे के चार वर्गों में बांट कर शुल्क प्रस्तावित किया गया है। विभाग ने जो प्रस्ताव तैयार किया है उसमें 10 लाख से कम और 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले नगर निगम क्षेत्रों के लिए नाइट पार्किंग का अलग-अलग शुल्क प्रस्तावित किया गया है। 

विभाग का प्रस्ताव लागू होने होने से रात को सड़कों पर अभी मुफ्त में गाड़ियां पार्क करने वालों से किराया वसूलने का रास्ता खुलेगा। रात्रिकालीन पार्किंग के लिए अलग शुल्क भी प्रस्तावित है और अगर कोई बिना परमिट के पार्क करेगा तो उससे तीन गुना जुर्माना भी वसूला जा सकेगा। पार्किंग का यह शुल्क नगर निगम में सार्वजनिक सड़क और स्थान पर लागू होगा। आइए एक नजर डालते हैं कि अगर निगर विकास विभाग का प्रस्ताव लागू होता है तो कितनी आबादी वाले नगर निगम में कार और बाइक लगाने का कितना पार्किंग चार्ज लगेगा।

10 लाख से कम आबादी वाले नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग शुल्क की प्रस्तावित दरें

एक घंटे- चार पहिया गाड़ी- 15 रुपए, दो पहिया गाड़ी- 7 रुपए

दो घंटे- चार पहिया गाड़ी- 30 रुपए, दो पहिया गाड़ी- 15 रुपए

रात्रि पार्किंग (रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक)

दो पहिया- 50 रुपए, चार पहिया- 100 रुपए

24 घंटे पार्किंग

दो पहिया- 57 रुपए, चार पहिया- 120 रुपए

मासिक पास रेट 

दो पहिया- 855 रुपए, चार पहिया- 1800 रुपए

10 लाख से अधिक आबादी वाले नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग शुल्क की प्रस्तावित दरें

एक घंटे- चार पहिया गाड़ी- 10 रुपए, दो पहिया गाड़ी- 5 रुपए

दो घंटे- चार पहिया गाड़ी- 20 रुपए, दो पहिया गाड़ी- 10 रुपए

दो पहिया- 30 रुपए, चार पहिया- 60 रुपए

24 घंटे पार्किंग

दो पहिया- 40 रुपए, चार पहिया- 80 रुपए

मासिक पास

दो पहिया- 600 रुपए, चार पहिया- 1200 रुपए

नगर विकास विभाग ने नई नियमावली पर मांगी है आपत्तियां

नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने लोगों से नियमावली पर आपत्ति मांगी है और इसके लिए nagarvikasanubhag9@gmail.com मेल आईडी जारी किया है। उत्तर प्रदेश में कुल 17 नगर निगम हैं जिनमें लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, अयोध्या, अलीगढ़, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, और मथुरा-वृंदावन नगर निगम शामिल है।