Headlines
Loading...
वाराणसी :: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन कर दो मिनट का मौन रखा गया, मंत्री  दयाशंकर मिश्रा, रविंद्र जायसवाल हुए शामिल...

वाराणसी :: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन कर दो मिनट का मौन रखा गया, मंत्री दयाशंकर मिश्रा, रविंद्र जायसवाल हुए शामिल...

जिला, ब्यूरो। वाराणसी के पुलिस लाइन मैदान में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान अपनी ड्यूटी और फर्ज को निभाते हुए शहीद होने वाले जवानों को याद किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कर्तव्य की बेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर शहीदों को याद करते हुए पुष्प चक्र अर्पित किए। 
इस मौके पर राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल व दयाशंकर मिश्र 'दयालु', जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, आयुक्त वाराणसी मंडल कौशल राज शर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध डॉ. के एजिलरसन और पुलिस महानिरीक्षक मोहित गुप्ता मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत की उत्तरी सीमा पर लद्दाख की चोटियों में सजग प्रहरियों के रूप में ड्यूटी करते हुए हमारे "केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल" के 10 जवानों ने चीनी सैनिकों के अचानक हुए हमले में मातृ-भूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहूति दी थी।

उन्हीं वीर जवानों की याद में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को सम्पूर्ण भारत के पुलिस जन वीरगति को प्राप्त हुए अपने साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उल्लेखनीय है कि दिनांक 01.09.2023 से 31.08.2024 तक की अवधि में सम्पूर्ण भारत वर्ष में 216 पुलिसजनों ने कर्तव्य की बेदी पर अपने जीवन की आहुति दी।

उत्तर प्रदेश पुलिस के 02 साथी आरक्षी सचिन राठी जनपद कन्नौज एवं आरक्षी रोहित कुमार जनपद प्रतापगढ़ ने नागरिक सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उत्तर प्रदेश के समस्त पुलिस जन इनके महान कर्तव्य पालन व अप्रतिम बलिदान की सराहना में नतमस्तक हैं और अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

पुलिस लाइन्स के विशेष सशस्त्र जवानों ने शोक सलामी दी और 2 मिनट का मौन रखा गया।