प्रयागराज जिले के कर्नलगंज में भाजपा का झंडा लगाए स्कार्पियो सवारों ने पीछाकर बाइक सवार युवक को सीने में मारी गोली, हुई मौत...
प्रयागराज जिला कर्नलगंज थाना क्षेत्र में फव्वारा चौराहे के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा का झंडा लगाए काले रंग की स्कार्पियो में सवार बदमाशों ने बाइक सवार युवकों का पीछा कर वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान तेलियरगंज निवासी शशांक सिंह यादव (24) के रूप में हुई है।
मूलरूप से थाना नवाबगंज क्षेत्र स्थित जगदीशपुर निवासी शशांक सिंह तेलियरगंज में किराए के मकान में रहता था। सोमवार की शाम सिविल लाइंस स्थित चाइना टाउन दृष्टि कोचिंग के सामने शशांक की स्कार्पियो सवार बदमाशों से किसी बात को लेकर झड़प हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपियों से शशांक की पुरानी रंजिश थी। बात बिगड़ने के बाद खतरा देखकर शशांक अपने दोस्तों के साथ बाइक से भागने लगा। इस पर स्कार्पियो सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया। फव्वारा चौराहे के पास पहुंचते ही शशांक ने बाइक खड़ी कर डंडे से स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। तभी बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली शशांक के सीने में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
दोस्तों ने गंभीर रूप से जख्मी शशांक को बेली अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत करार दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर परिजनों को सूचित किया। पुलिस जांच में पता चला कि पिछले काफी समय से शशांक तेलियरगंज में अकेला रहकर नौकरी करता रहा था।
गोली लगने के बाद दुकानें हुईं बंद
चौराहे पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वह दुकान से सामान लेने जा रहा था। तभी गोली की आवाज सुनी। ऐसा लगा कि किसी ने पटाखा फोड़ा है। तभी उसने देखा कि तेजी से एक काले रंग की स्कार्पियो निकली। वहीं एक युवक जमीन पर लहूलुहान पड़ा था। इसके बाद उसके दोस्त उसे अपने साथ ले गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दी। देखते ही देखते पूरे चौराहे पर सन्नाटा पसर गया।
आरोपी को दबोचने के लिए बनाईं दो टीमें
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया पता चला कि वर्चस्व की जंग में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह सामने आएगी। आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गईं हैं।
घर का इकलौता लड़का था शशांक, शादी की चल रही थी तैयारी
मौसी आरती ने रोते-बिलखते बताया कि पुलिस ने फोन किया तो दौड़ी-दौड़ी बेली अस्पताल आई हूं। उनको इस बारे में कुछ पता नहीं है कि किसने क्या किया है। किसकी क्या गलती है। शशांक घर का इकलौता लड़का था। उसकी एक बहन है, जबकि पिता शिवशंकर सेल टैक्स विभाग में कार्यरत हैं। उसकी शादी की बात भी चल रही थी। पुलिस वाले फिलहाल उनको कुछ नहीं बता रहे हैं।
शशांक पर भी कई मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक शशांक सिंह पर कर्नलगंज समेत अन्य थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं पुलिस अब घटनास्थल समेत अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो की पहचान करने में जुट गई है।
कोट
काली स्कार्पियो सवार बदमाशों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। घटनास्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- राजीव यादव, एसीपी कर्नलगंज ।।