लखनऊ में पूर्व सांसद के पौत्र ने IT कंपनी के बाहर तड़तड़ाई गोलियां, महिला दरोगा को भी पिस्टल लेकर दौड़ाया, उक्त पर FIR हुआ दर्ज़...
राज्य ब्यूरो, प्रमुख। लखनऊ में गोमतीनगर विपुल खंड में गुरुवार रात पूर्व सांसद अर्जुन सिंह भदौरिया के पौत्र विवेक भदौरिया ने एक आईटी कंपनी के बाहर फिल्मी स्टाइल में रिवाल्वर और पिस्टल लेकर पहुंचा। दोनों हाथ से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। कर्मचारियों ने विरोध किया तो कंपनी मालिक समेत उन्हें घंटे भर तक बंधक बनाए रखा। पिस्टल की बट से प्रहार कर एक कर्मचारी का सिर फोड़ दिया। और महिला दरोगा पहुंची तो पिस्टल तान कर उसे दौड़ा लिया। इस बीच लड़खड़ा कर गिरा तो पुलिस कर्मियों ने घेराबंद कर उसे दबोच लिया।
गोमतीनगर पुलिस ने आईटी कंपनी के घायल कर्मचारी अमितेश श्रीवास्तव की तहरीर पर आरोपित विवेक भदौरिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विवेक भदौरिया प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है। वह मूल रूप से इटावा सैफई के जयप्रकाश नगर का रहने वाला है। उसके बाबा सांसद रहे हैं। आईआईएम रोड पर रहने वाले अनुज वैश्य का विपुल खंड में आईटी कंपनी का आफिस है। वह सरकारी विभागों में सप्लाई का काम करते हैं। रात करीब नौ बजे अनुज सात से आठ कर्मचारियों के साथ काम कर रहे थे।
वहीं चौपटिया में रहने वाला कर्मचारी अमितेश श्रीवास्तव आफिस के काम से बाहर गया था। इस बीच विवेक भदौरिया नशे में धुत हालत में दोनों हाथ में असलहा लेकर आफिस के बाहर पहुंचा। वहां पांच से छह राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। गेट पर खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहा था।
कर्मचारी अमितेश श्रीवास्तव इस बीच बाहर से लौटा। उसको गेट पर रोक लिया और आफिस के अंदर नहीं आने दे रहा था। विरोध पर पिस्टल की बट से प्रहार कर सिर फोड़ दिया। फिर धक्का मार कर अंदर आफिस में ले गया। मालिक अनुज समेत सात-आठ कर्मचारियों को बंधक बना लिया। आफिस के अंदर फायरिंग की। किसी तरह मालिक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
जब महिला दारोगा घटनास्थल पर पहुंची तो विवेक ने उन पर पिस्टल तान दी और दौड़ा लिया। वह भागी इस बीच विवेक लड़खड़ा कर गिर गया। मौका पाते ही अन्य पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर विवेक को दबोच लिया। पिस्टल और रिवाल्वर बरामद कर ली। तभी थाने से और पुलिस बल बुलाया गया। आरोपित को हिरासत में लेकर पुलिस टीम थाने पहुंची। मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं घायल अमितेश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पिता की रिवाल्वर लेकर कर रहा था फायरिंग, पिस्टल भी जब्त
इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि आरोपित विवेक के पास से बरामद रिवाल्वर उसके पिता जयचंद्र भदौरिया के नाम से है। वहीं, पिस्टल विवेक के नाम से है। दोनों असलहे जब्त कर लिए गए हैं। दोनों के निस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पिता के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।