पूर्वोत्तरी नमी भरी हवा और गर्म पछुआ के मिलन से आज छायेगी बादल, कहीं-कहीं दोपहर बाद हो सकती हैं बूंदाबांदी...
वाराणसी, ब्यूरो 17अप्रैल। बंगाल की खाड़ी से हिमालयी क्षेत्र होते हुए पहुंच रही पूर्वोत्तरी नमी भरी हवा और गर्म पछुआ के मिलन से गुरुवार को बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं दोपहर बाद बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस तरह का वातावरण शुक्रवार व शनिवार को भी रह सकता है बल्कि शुक्रवार से पृथ्वी की सतह पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इधर दो दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग ढाई डिग्री से अधिक की वृद्धि हुई है।
बाबतपुर क्षेत्र में दो दिनों में अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ कर सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे 37.1 पर रहा, न्यूतनम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 22.7 पर पहुंच गया।
इधर बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान में दो दिनों में 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच आद्र्रता 64 से 38 प्रतिशत के बीच बनी रही।
वहीं बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि विपरीत हवाओं के सम्मिलन से ऐसी स्थिति बन सकती है हालांकि अभी तक ऐसी संभावना दृष्टि गोचर नहीं हो रही है।