Headlines
Loading...
पांचवें दिन पाकिस्तान ने फिर की कुपवाड़ा और पुंछ में फायरिंग,भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब...

पांचवें दिन पाकिस्तान ने फिर की कुपवाड़ा और पुंछ में फायरिंग,भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब...

पहलगाम हमले के बाद भी पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर में लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है। 27-28 अप्रैल 2025 की रात को भी पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के विपरीत क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। वहीं भारतीय सैनिकों ने भी तेजी से और प्रभावी ढंग से जवाब दिया।

पाकिस्तान को हर पल यही डर सता रहा है कि भारत का बदला बहुत ही खतरनाक और निर्णायक होगा। इसी डर की वजह से पाकिस्तान छटपटा रहा है और लगातार नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर फायरिंग कर रहा है। उसने लगातार तीसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारत ने भी इस फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया।

26-27 अप्रैल की रात को भी उल्लंघन

भारतीय सेना के मुताबिक, 26-27 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। हमारे सैनिकों ने उचित छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।

संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बिना उकसावे के गोलीबारी

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए बिना उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। यह लगातार तीसरी रात थी, जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बिना उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने उचित छोटे हथियारों से गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की दहशत में पाकिस्तान

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी थी। सेना की वर्दी में आए दहशतगर्दों ने पहलगाम की बायसरन घाटी में पर्यटकों से पहले उनका धर्म पूछा, परिचय पत्र देखे और फिर गोली मार दी थी। इसके बाद से भारत ने कई मोर्चों पर पाकिस्तान की नींदें उड़ा रखी है। सिंधु जल संधि के निलंबन से लेकर पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने तक, भारत ने पाकिस्तान पर कई पाबंदियां लगा दी हैं। पाकिस्तान भी अनरगल बयानबाजी कर रहा है। दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है।