Dev Deepawali 2024 Live Updates: देव दीपावली के उत्सव में डूबा काशी, जगमगा उठे सभी घाट, देखें तस्वीरें...
वाराणसी, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में स्थित काशी में आज देव दीपावली का पर्व पूरी भव्यता दिव्यता के साथ मनाया जा रहा है। मान्यता है कि आज ही के दिन यहां भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का संहार किया था। इसके उपलक्ष्य में देवों द्वारा स्वर्ग में दीपावली मनाई गई थी।
इसी वजह से इस दिन को देव दीपावली के रूप में मनाया जा रहा है। आज काशी में देव दीपावली में कई दिग्गज पहुंचे, जिसमें उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या समेत अन्य राज्यमंत्री व दर्जनों वीवीआईपी व देश-विदेश के पर्यटक शामिल हैं।
यहां लगभग पांच घंटे काशी प्रवास के दौरान उप राष्ट्रपति ने 90 करोड़ से तैयार नमोघाट का लोकार्पण किया। इसके बाद घाट पर दीपक जलाकर महापर्व देव दीपावली का शुभारंभ किया। साथ ही उप राष्ट्रपति ने अलौकिक रोशनी में गोता लगा रहे गंगा घाटों की छटा को निहारा। इसके बाद सभी विशिष्ट अतिथियों ने गंगा आरती भी देखी।