Headlines
Loading...
मुजफ्फरपुर में वीजा पर 35 वर्षों से रह रहीं पाकिस्तान की फराह, पति ने कहा- नहीं छोड़ेगी भारत...

मुजफ्फरपुर में वीजा पर 35 वर्षों से रह रहीं पाकिस्तान की फराह, पति ने कहा- नहीं छोड़ेगी भारत...

मुजफ्फरपुर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया है। केंद्र सरकार की ओर से वीजा पर भारत आने वाले पाकिस्तानी नागरिकों से 27 अप्रैल तक देश छोड़ने का आदेश जारी किया है। पाकिस्तानी नागरिकों के सभी तरह के वीजा को रद कर दिया गया है।

ऐसे में जिले में शादी कर पति और बच्चों के साथ रहने वाली दो पाकिस्तानी नागरिक फराह जहां और वजिहा हयाज के लिए भी मुश्किलें बढ़ गई हैं, मगर फराह के स्वजन साफ कह रहे वह भारत नहीं छोड़ेगी। ब्रह्मपुरा थाने के मेहंदी हसन चौक निवासी यूसुफ हन्फी ने फराह से वर्ष 1990 में निकाह किया था।

तब से वह दीर्घकालीन वीजा पर भारत में ही रह रही है। इस बीच कई बार वीजा का नवीकरण भी नहीं हुआ। 28 फरवरी 2030 तक वैध पाकिस्तानी पासपोर्ट के आधार पर उसे वीजा मिला था। वीजा अवधि इस वर्ष दो दिसंबर तक है। फराह ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन दिया है, मगर उसे अब तक नहीं मिली है।

'फराह भारत नहीं छोड़ेगी'

अब केंद्र सरकार के आदेश के बाद यूसुफ ने कहा, सरकार का फैसला कम दिनों के वीजा वालों का होगा। जो वीजा पर आकर अपने मेहमानों के यहां रह रहे होंगे उन्हें देश छोड़ना होगा। फराह को कोई नोटिस नहीं मिला है। अब उनके बच्चे हैं। वह सभी भारतीय हैं। ऐसे में फराह भारत नहीं छोड़ेगी।

वहीं, फराह की भारतीय नागरिकता को लेकर एसएसपी कार्यालय ने भी डीएम को रिपोर्ट पिछले दिनों भेजी है। इस पर अभी निर्णय लिया जाना है।

वजिहा का मामला भी फराह जैसा

इसके अलावा, काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर में रहने वाली वजिहा हयाज का मामला भी फराह जैसा ही है। उसने वर्ष 2012 में तनवीर से निकाह किया है। उसे भी दीर्घकालीन वीजा मिला है।

इस वर्ष नवंबर तक इसकी अवधि है। तनवीर ने भी यूसुफ की तरह ही बात कही। उसने कहा, निकाह के बाद से वह भारत की हो गई है। अब तीन बच्चे हैं, जो भारतीय हैं।