
UP news
चित्रकूट : युमना पुल पर सुसाइड नोट चस्पा कर 12वीं के छात्र ने नदी में कूदकर दी जान
चित्रकूट : पड़ोसी जिले कौशाम्बी के रहने वाले 12वीं के छात्र ने अज्ञात कारणों के चलते चित्रकूट जनपद में यमुना नदी पुल पर सुसाइड नोट चिपकाकर कूद गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने बाइक नम्बर के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतक घर से लापता था। पुलिस ने मृतक का शव नदी से निकलवाते हुए आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी जनपद कौशाम्बी के मंझनपुर थाना क्षेत्र के चकनारा गांव निवासी भोले नाथ का बेटा शिव प्रकाश (18) 12वीं का छात्र था। गुरुवार को वह मोटर साइकिल से धर्मनगरी चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र स्थित यमुना नदी के पुल पर पहुंचा। यहां पर पुल पर सुसाइड नोट चिपकाकर नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों की सूचना पर चित्रकूट पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव नदी से बाहर निकलवाया। साथ ही पुल पर खड़ी मृतक की बाइक के नंबर के आधार पर जानकारी जुटाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक की शिनाख्त के लिये बुलाया गया। इस बीच पुल पर चस्पा सुसाइड नोट को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
बेटा था कल रात से लापता पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता भोलेनाथ ने पूछताछ में बताया कि उसका बेटा पढ़ाई के साथ ही ट्रैक्टर चलाता था। कल शाम को ट्रैक्टर चलाकर घर आया और कहीं दो घंटे के लिए चला गया था। शाम को उसने खाना भी नहीं खाया। रात में अचानक बेटा घर से गायब हो गया।
गुरूवार को चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र के यमुना नदी पुल पर मोटर साइकिल खड़ी होने की पुलिस से सूचना मिली और मृतक बेटे की पहचान की। मामले में पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक सुसाइड का कारण पता नहीं चल सका है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।